राज्य-राजधानी
घर से नाराज होकर निकलीं तीन बालिकाएं, सोनहा पुलिस ने मुंबई से सकुशल किया बरामद
बस्ती। जिले में थाना सोनहा पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए गुमशुदा तीन बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार दिनांक 03 फरवरी 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम तुसैल से तीन बालिकाएं कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वापस न लौटने पर परिजनों ने थाना सोनहा में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने तीनों बालिकाओं को मुंबई, महाराष्ट्र से सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद उन्हें थाना लाकर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष महेश सिंह, प्रभारी चौकी असनहरा जितेंद्र यादव, उपनिरीक्षक सत्यपाल चौधरी, कांस्टेबल शेषनाथ यादव एवं महिला कांस्टेबल रीना गौड़ की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस तत्परता से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
