राज्य-राजधानी
सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के निर्देश
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना और अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश ने संयुक्त रूप से तहसील खलीलाबाद पहुंचकर सम्पूर्ण समाधान दिवस में भाग लिया। पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं मौके पर सुनीं।
इस अवसर पर संबंधित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजस्व और पुलिस से जुड़ी शिकायतों का समाधान आपसी समन्वय से किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान शिकायत पंजिका का भी निरीक्षण किया गया तथा निस्तारित हो चुकी शिकायतों के संबंध में फरियादियों से फीडबैक लिया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
