गोरखपुर
भाजपा नेता को बदमाशों ने मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर। जिले के गगहा थाना क्षेत्र में बीती रात भाजपा नेता राधामोहन सिंह को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। घटना रात करीब 8:45 बजे रुकहट भैंसा मार्ग पर हुक्काबीरा बाबा मंदिर के पास एक मोड़ पर हुई। राधामोहन सिंह लीलावती सिंह स्मारक इंटरमीडिएट कॉलेज, भैंसा के प्रबंधक भी हैं।
गोली उनकी पीठ में फंसी हुई है। सूचना मिलते ही गगहा थाना प्रभारी अंजल चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल भाजपा नेता को अपनी गाड़ी से गगहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद राधामोहन सिंह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ बांसगांव भी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गोली लगने की खबर सुनते ही उनके सैकड़ों शुभचिंतक गगहा अस्पताल पहुंच गए। घायल भाजपा नेता को एम्बुलेंस से गोरखपुर ले जाया गया है। इस संबंध में गगहा थाना प्रभारी अंजल चतुर्वेदी ने बताया कि वह घटनास्थल पर मौजूद हैं और घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है।
