गोरखपुर
प्रेमिका की हत्या के बाद पत्नी संग फरार आरोपी अयोध्या से गिरफ्तार
गोरखपुर। जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र में प्रेम संबंधों से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्या का मामला प्रकाश में आया है। प्रेमिका की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के बाद आरोपी अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया है।
घटना गोरखपुर जिले पीपीगंज थाना क्षेत्र के बैरघटा के पास पुल के नीचे झाड़ियों में एक नग्न महिला का शव मिलने से सामने आई। सुबह ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पीपीगंज पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
पुलिस जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक नीले रंग की स्कूटी संदिग्ध रूप से दिखाई दी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने मामले की परतें खोलनी शुरू कीं।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सहजनवां थाना क्षेत्र के माड़र का रहने वाला विजय है। उसकी शादी लगभग 11 वर्ष पूर्व पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 5 निवासी रामबेलास की बेटी संध्या से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं, जो वर्तमान में अपने दादा-दादी के साथ मुंबई में रह रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी विजय पहले से शादीशुदा था और मुंबई में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। इसी दौरान उसका पूजा शेट्टी नामक युवती से प्रेम संबंध हो गया और वह लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगा। जब प्रेमिका ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी उसे छोड़कर मुंबई से गोरखपुर अपने घर लौट आया।
प्रेमिका पूजा शेट्टी आरोपी को तलाशते हुए गोरखपुर पहुंची और उसके घर माड़र तक आ गई। यहां विवाद के बाद आरोपी ने उसे पीपीगंज में किराए के कमरे में रखा और शादी का झांसा देता रहा। जब पत्नी संध्या ने इस संबंध का विरोध किया तो दोनों ने मिलकर प्रेमिका को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
आरोप है कि योजनाबद्ध तरीके से प्रेमिका की हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के लिए शव से कपड़े उतारकर चेहरे को ईंट से बुरी तरह कुचल दिया गया, जिससे पहचान न हो सके। इसके बाद शव को कुछ दूर झाड़ियों में फेंक दिया गया।
हत्या के बाद आरोपी अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया था। पुलिस लगातार दोनों की तलाश में लगी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
