गोरखपुर
पहली पत्नी को धोखे में रखकर पति ने रचाई दूसरी शादी, केस दर्ज
पिपरौली (गोरखपुर)। जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां एक युवक ने अपनी पहली पत्नी को धोखे में रखकर दूसरी शादी रचा ली। पीड़िता की शिकायत पर सहजनवा थाना पुलिस ने पति और सास के खिलाफ धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न, मारपीट, तोड़फोड़ तथा जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता शीला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका विवाह गोविंदपुर निवासी करन साहनी से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति और सास विरोजा देवी द्वारा दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। आरोप है कि इसी दौरान पति ने उसे धोखे में रखकर दूसरी शादी कर ली।
जानकारी मिलने पर जब उसने इसका विरोध किया तो उत्पीड़न और बढ़ गया। पति और सास ने उसके साथ मारपीट की, घर में रखा सामान तोड़ दिया और उसके गहने छीन लिए। इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। मामले में सहजनवा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और प्रकरण की जांच की जा रही है।
