Connect with us

गाजीपुर

जमानिया प्लेयर लीग का एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट सम्पन्न, गब्बर टीम बनी विजेता

Published

on

जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। नगर क्षेत्र के लोदीपुर स्थित माँ कपूरा मंदिर के पास जमानिया प्लेयर लीग के सौजन्य से क्रिकेट खिलाड़ियों का एक दिवसीय रोमांचक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी नारायण दास चौरसिया ने फीता काटकर किया, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सभासद राज चौधरी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में चौधरी मोहल्ला की टीम ने नई बस्ती को हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में गब्बर उर्फ जय मिष्ठान भंडार की टीम ने पठान टोली मोहल्ला की टीम को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल मुकाबला गब्बर की टीम और जुगनू शंभू की टीम के बीच 10–10 ओवर का खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गब्बर की टीम ने विस्फोटक प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रूपक ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 146 रन नाबाद बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रतिद्वंदी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज मुलायम यादव और वसीम जल्दी आउट हो गए, जिसके बाद विकेटों का सिलसिला लगातार जारी रहा। एक छोर से गुलजार ने संघर्ष करते हुए 45 रन नाबाद बनाए, लेकिन पूरी टीम 146 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह गब्बर की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

Advertisement

समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं हर माह होनी चाहिए, जिससे युवा खिलाड़ियों को मंच मिले और अनुभवी खिलाड़ी भी अपने पुराने दिनों को याद कर सकें।

प्रतियोगिता का सफल संचालन और आयोजन दिलीप कुमार एवं संदीप गुप्ता के सहयोग से किया गया। खेल के दौरान स्थानीय दर्शकों की अच्छी खासी भीड़ मौजूद रही और पूरे आयोजन में खेल भावना व उत्साह देखने को मिला।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page