गोरखपुर
सड़क हादसे में दो लोगों की मौत, कई यात्री घायल
गोरखपुर। जंगल कौड़िया थाना क्षेत्र के जीरो प्वाइंट पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ऑटो जीरो प्वाइंट के पास पहुंचा ही था कि आगे-पीछे से आ रहे दो तेज रफ्तार ट्रेलरों के बीच वह बुरी तरह फंस गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री अंदर ही फंस गए।
हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही जंगल कौड़िया चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ऑटो से बाहर निकाला गया।

एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुछ घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
हादसे के कारण सड़क पर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को नियंत्रित कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल कौड़िया का यह जीरो प्वाइंट पहले भी कई सड़क दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है। लंबे समय से इस स्थान को ब्लैक स्पॉट घोषित कर यहां सुरक्षा उपाय, ट्रैफिक नियंत्रण और चेतावनी संकेतक लगाए जाने की मांग की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है और घायलों की स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार अपडेट लिया जा रहा है।
