वाराणसी
जिला व बूथ स्तर पर मनाया जाएगा 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस
तैयारियों को लेकर निर्देश जारी
वाराणसी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में 25 जनवरी को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस जिला व बूथ स्तर पर मनाया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की थीम “My India My Vote (Citizen at the Heart of Indian Democracy)” रखी गई है। मुख्य विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी स्वीप प्रखर कुमार सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदाता बने लोगों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में ऑनलाइन व ऑफलाइन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें गेम्स, स्लोगन, राइटिंग, निबंध, लेखन प्रतियोगिता, गीत प्रतियोगिता और स्किट्स प्रतियोगिता शामिल होंगी। सभी कार्यक्रमों की सीडी और फोटोग्राफ मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। शैक्षणिक संस्थानों में ईएलसी के माध्यम से शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
नमो घाट फेस-2 हेलीपैड पर सुबह 10 बजे से जगतपुर पीजी कॉलेज के 10 छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज अर्दलीबाजार की ओर से मतदाता जागरूकता नृत्य और आर्य महिला इंटर कॉलेज की 10 छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता लोकगीत की प्रस्तुति की जाएगी।
“My India My Vote” पर आधारित रंगोली कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें आर्य महिला इंटर कॉलेज, हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलदहिया, अग्रेसन बालिका इंटर कॉलेज बुलानाला और जगतपुर पीजी कॉलेज शामिल होंगे। इसके साथ ही फेस टैटू कार्यक्रम और पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
सभी प्राथमिक विद्यालयों के छात्रों के अभिभावकों को विद्यालय में बुलाकर मतदाता शपथ दिलाने की जिम्मेदारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है। महिला और पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों के बीच शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। जिला युवा कल्याण अधिकारी को युवाओं की जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के फोटोग्राफ उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा “मैं भारत हूँ” फिल्म का प्रसारण जनपद के सभी सिनेमा घरों, टीवी/रेडियो चैनलों और केबल नेटवर्क पर जनहित में निःशुल्क किया जाएगा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में बीएलओ के माध्यम से युवाओं को शपथ ग्रहण कार्यक्रम कराए जाएंगे। पहली बार मतदाता बने लोगों को मतदाता फोटो पहचान पत्र के साथ आयोग द्वारा पूर्व निर्धारित बैज भी प्रदान किया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्यक्रमों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराकर उसकी एक प्रति आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कराई जाए। निदेशक आकाशवाणी और दूरदर्शन केंद्र को विभिन्न वार्ताओं और मतदाताओं को जागरूक करने वाले कार्यक्रमों का प्रसारण करने की जिम्मेदारी दी गई है।
25 जनवरी को नमो घाट फेस-2 हेलीपैड पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग जनों और ट्रांसजेंडरों को सम्मानित किया जाएगा। इनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को 23 जनवरी तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन जनपद में एक महोत्सव के रूप में किया जाएगा, जिसमें विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा।
