Connect with us

गोरखपुर

उत्तर प्रदेश दिवस : पटना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में रवि किशन होंगे योगी सरकार के प्रतिनिधि

Published

on

यूपी सरकार का लक्ष्य: विकास और सामाजिक कल्याण मॉडल को देशभर में प्रस्तुत करना, यूपी-बिहार संबंध होंगे मजबूत

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा देश के प्रत्येक राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश के राजभवन/लोक भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रमों की विशेष व्यवस्था की गई है। इस क्रम में बिहार के पटना में 24 जनवरी को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में गोरखपुर से सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेता रवि किशन शुक्ला राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में विशेष रूप से नामित किए गए हैं।

24 जनवरी, 2026 को प्रत्येक राज्य एवं केन्द्रशासित प्रदेश के लोक भवन / लोक निवास में आयोजित होने वाले “उत्तर प्रदेश दिवस-2026” के मुख्य कार्यक्रम में राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में संलग्न सूची के अनुसार उप मुख्यमंत्री (द्वय), मंत्री, सांसद, सदस्य विधान परिषद् एवं आयोग के उपाध्यक्षगण को कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु नामित किया गया है।

इस अवसर पर गोरखपुर सांसद और अभिनेता रवि किशन शुक्ला भी राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में सम्मिलित होंगे। रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने विकास, सुशासन और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।

रवि किशन ने आगे कहा,“गोरखपुर का सांसद होने के नाते राज्य सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए इस कार्यक्रम में शामिल होना मेरे लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश ने निवेश, रोजगार, स्टार्टअप, एक्सप्रेसवे, मेडिकल एजुकेशन, डिजिटल गवर्नेंस और सामाजिक कल्याण योजनाओं में बड़ी उपलब्धियाँ हासिल की हैं। बिहार की धरती से उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों और विकास यात्रा को साझा करना मेरे लिए विशेष महत्व रखता है। यह आयोजन केवल सांस्कृतिक उत्सव नहीं है, बल्कि सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में राज्य सरकार का एक सामूहिक प्रयास है।”

Advertisement

उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, नाट्य मंचन, संगीत-नृत्य और ODOP उत्पादों की प्रदर्शनी शामिल हैं। इसके अलावा, विभिन्न क्षेत्रों के उत्कृष्ट व्यक्तियों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान और विश्वकर्मा श्रम सम्मान से नवाजा जाएगा।

रवि किशन ने प्रदेशवासियों और देशवासियों को उत्तर प्रदेश दिवस-2026 की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश और बिहार के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को और मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने सभी से इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।

उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य इस दिन को सिर्फ एक समारोह के रूप में मनाना नहीं है, बल्कि राज्य के विकास और सामाजिक कल्याण के मॉडल को पूरे देश के समक्ष प्रदर्शित करना है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page