वाराणसी
धोखाधड़ी केस में चेतगंज पुलिस ने वांछित आरोपी को दबोचा
वाराणसी। धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में चेतगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण संबंधी निर्देशों के क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के मुताबिक वादी मनीष अस्थाना की लिखित तहरीर पर थाना चेतगंज में मुकदमा संख्या 105/2025 धारा 316(5), 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त कौशल सेठ पुत्र अशोक सेठ निवासी नवापुरा दारानगर थाना कोतवाली ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पंजाब एंड सिंध बैंक से गोल्ड टेस्टिंग मशीन खरीदने के नाम पर करीब 18 लाख रुपये का व्यापारिक ऋण कराया और उक्त धनराशि को जेपी इंटरप्राइजेज, लालगंज कटघर वाराणसी के खाते में भिजवाकर गबन कर लिया।
विवेचना के दौरान वांछित अभियुक्त कौशल सेठ को रविवार को नवापुरा दारानगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया, जबकि अन्य विवेचनात्मक कार्रवाई जारी बताई गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उप निरीक्षक विकल शांडिल्य, मुख्य आरक्षी भरत यादव एवं आरक्षी प्रशांत तिवारी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
