राज्य-राजधानी
SIR के बाद बस्ती में दो लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कटे
मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति छह फरवरी तक, 27 फरवरी तक होगा निस्तारण
बस्ती। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) का कार्य पूरा होने के बाद अब छह फरवरी तक दावा-आपत्ति ली जाएगी, जबकि उनका निस्तारण 27 फरवरी तक किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में कुल 2,98,287 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं, जिनमें 57,467 मृतक शामिल हैं। नाम कटने के मामलों में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक रही।
जिले में एसआईआर से पहले कुल 19,00,430 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 10,12,209 पुरुष, 8,88,213 महिलाएं और आठ ट्रांसजेंडर मतदाता थे। पुनरीक्षण के बाद ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या घटकर चार रह गई है।
अभियान के दौरान सदर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 19.78 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जबकि कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में यह प्रतिशत सबसे कम 14.20 रहा।
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान ने बताया कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत छह जनवरी को आलेख्य प्रकाशन किया गया है।
उन्होंने बताया कि कोई भी नागरिक प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली में अपना नाम होने या न होने की जांच कर सकता है। इसके लिए Chief Electoral Officer Uttar Pradesh की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर प्रक्रिया उपलब्ध है।
