वाराणसी
अतिक्रमण के खिलाफ चेतगंज पुलिस की सख्ती, चार दुकानदार गिरफ्तार
वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और अवैध अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चेतगंज पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। सड़क किनारे बार-बार चेतावनी के बावजूद अवैध रूप से दुकान लगाकर आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे चार दुकानदारों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और उच्चाधिकारियों के पर्यवेक्षण में 7 जनवरी 2026 को तेलियाबाग से संपूर्णानंद विश्वविद्यालय गेट तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पाया गया कि कुछ दुकानदार सड़क के किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाकर यातायात बाधित कर रहे थे। पुलिस द्वारा हटाने के निर्देश दिए जाने पर संबंधित दुकानदारों ने आदेश का पालन नहीं किया और वाद-विवाद पर उतर आए, जिससे क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने चारों आरोपितों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तथा चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध अतिक्रमण किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
