Connect with us

वाराणसी

कारोबारी के खाते से आठ लाख की साइबर ठगी

Published

on

Loading...
Loading...

रामनगर (वाराणसी)। बटाऊबीर निवासी इंटरलॉकिंग ईंट के कारोबारी अनूप कुमार गुप्ता के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने आठ लाख 33 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित कारोबारी जब रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचा तो पुलिस ने यह कहते हुए उसे लौटा दिया कि पांच लाख रुपये से अधिक की ठगी के मामलों में केवल साइबर थाना ही केस दर्ज करता है। यह स्थिति तब सामने आई है, जबकि पुलिस कमिश्नर की ओर से थानों को ऐसे मामलों में सीधे एफआईआर दर्ज करने के निर्देश कई बार दिए जा चुके हैं।

अनूप गुप्ता ने साइबर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 29 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच उनके बैंक खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिये कुल आठ लाख 33 हजार रुपये निकाल लिए गए। ठगी की जानकारी मिलने पर उन्होंने एचडीएफसी बैंक से संपर्क किया, जहां जांच में सामने आया कि किसी ने उनकी ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर बदलकर खाते तक पहुंच बनाई। इसके बाद एक बार में पांच लाख रुपये आईएमपीएस के माध्यम से और शेष रकम यूपीआई के जरिये कई किश्तों में ट्रांसफर कर दी गई।

Loading...

लेनदेन के विवरण में एक ट्रांजेक्शन मुंबई निवासी विजय पासवान के खाते में 99 हजार 500 रुपये का दर्ज पाया गया। इस संबंध में पूछताछ करने पर बैंक कर्मी भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। इसे लेकर अनूप गुप्ता ने बैंक कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।

पीड़ित का कहना है कि ठगी के दौरान न तो उनके पास कोई फोन आया और न ही किसी ने पासवर्ड या ओटीपी की मांग की, इसके बावजूद खाते से रकम निकल गई। साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी का केंद्र बिंदु मुंबई मानते हुए पुलिस आगे की पड़ताल में जुटी हुई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page