वाराणसी
राज्य स्तरीय प्राइज मनी हॉकी टूर्नामेंट में बीएलडब्ल्यू, गंगापुर एकेडमी और सोनभद्र का दबदबा
वाराणसी। डॉ. विभूति नारायण सिंह खेल मैदान पर गंगापुर हॉकी एकेडमी द्वारा आयोजित 40वीं पंडित कृष्ण देव उपाध्याय राज्य स्तरीय प्राइज मनी हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन कुल तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए।
दूसरे दिन का पहला मुकाबला सोनभद्र बनाम सुल्तानपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैच के 29वें मिनट में सोनभद्र के विजय ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद सुल्तानपुर की टीम ने पलटवार करते हुए 49वें मिनट में सर्वजीत के गोल से मैच बराबरी पर ला दिया। मैच के अंतिम समय में विजय यादव ने निर्णायक गोल दागते हुए सोनभद्र को 2-1 से जीत दिलाई।
दिन का दूसरा मुकाबला बीएलडब्ल्यू बॉयज बनाम सिगरा क्लब वाराणसी के बीच खेला गया, जिसमें बीएलडब्ल्यू बॉयज की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद 2-1 से जीत दर्ज की।
तीसरा मुकाबला गंगापुर हॉकी एकेडमी बनाम विजय एकेडमी प्रयागराज के बीच हुआ। गंगापुर एकेडमी के मुकेश कुमार ने 16वें मिनट में शानदार गोल कर टीम को 1-0 से आगे किया। इसके बाद 26वें मिनट में कौशल राजभर ने गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया। मैच के अंतिम चरण में विजय एकेडमी के खिलाड़ी राशिद ने 58वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया, लेकिन अंतिम मिनट तक स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ और गंगापुर हॉकी एकेडमी ने जीत दर्ज करते हुए अगले चक्र में प्रवेश किया।
मुख्य अतिथियों में अनिल कुमार त्रिपाठी (सब-रजिस्ट्रार गंगापुर), अवनीत जायसवाल (अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गंगापुर), अमित पांडेय (डायरेक्टर, वाराणसी पब्लिक स्कूल), अरुण सिंह (ऑल इंडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन), अविनाश सिंह उर्फ गोमी (निदेशक, प्रगति पब्लिक स्कूल चितईपुर), इंद्रदेव दुबे, डीएम यादव आदि उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत अवधेश लाल मौर्य, चरणदास गुप्ता, लाल बहादुर मौर्य, डॉ. चेतनारायण और अजय भारती ने किया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदीप कुमार सिंह (पूर्व महामंत्री तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब) व श्यामलाल यादव द्वारा भेंट किए गए।
कार्यक्रम का संचालन रोहित मोदनवाल एवं विजय राजभर ने किया। निर्णायक की भूमिका राहुल सिंह, मोहम्मद अंसार अंसारी, सुरेंद्र गौड़, जावेद, रिंकू सिंह एवं धनश्याम चोटीवाला ने निभाई।
