गोरखपुर
नाला निर्माण में मनमानी, सड़क की चौड़ाई प्रभावित होने से जनता में उबाल
गोरखपुर। जनपद के खजनी क्षेत्र में सड़क किनारे चल रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारी वर्ग का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में खुलेआम अनियमितता बरती जा रही है। कहीं नाले की चौड़ाई जरूरत से ज्यादा कर दी गई है तो कहीं बेहद कम, जिससे जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे गंभीर मामला सड़क की चौड़ाई को लेकर सामने आया है। नियमानुसार बीच सड़क से दोनों ओर 33-33 फीट सड़क छोड़ी जानी चाहिए, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि कहीं पूरी चौड़ाई छोड़ी जा रही है तो कहीं जानबूझकर सड़क को संकरा कर दिया गया है। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और भविष्य में जाम व दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।

स्थानीय नागरिक रमेश वर्मा, दुर्गेश मदेशिया, दीनानाथ मोदनवाल, शिव सागर मोदनवाल, शिवम मदेशिया और दिनेश सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दबंगों के प्रभाव और कथित लेनदेन के चलते मानकों की अनदेखी की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो यह निर्माण कार्य जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनेगा।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नाला और सड़क निर्माण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि जनहित सुरक्षित रह सके।
