Connect with us

वाराणसी

सीपी के निर्देश पर मिर्जामुराद पुलिस ने 14 ससुरालियों पर दर्ज किया दहेज उत्पीड़न का मुकदमा

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। पुलिस आयुक्त, मोहित अग्रवाल के निर्देश पर मिर्जामुराद पुलिस ने शुक्रवार देर शाम विवाहिता बबिता देवी की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न सहित गंभीर धाराओं में 14 ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डोमैला गांव निवासी लालमन सोनकर ने अपनी पुत्री बबिता देवी की शादी जनवरी 2016 में जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशपुर निवासी गुलाब सोनकर के पुत्र मुकेश सोनकर के साथ बड़े धूमधाम से की थी।

पीड़िता बबिता देवी ने पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि शादी के एक वर्ष बाद उसे एक पुत्री हुई। पुत्री के जन्म के बाद ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पांच लाख रुपये और एक अपाचे मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि दहेज न देने पर उसे घर से निकालने और पति की दूसरी शादी कराने की धमकी दी गई।

इसके बावजूद वह ससुराल में रही और वर्ष 2019 में उसे एक पुत्र हुआ। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान देवर द्वारा उसके साथ अश्लील हरकतें की जाती रहीं। दहेज की मांग पूरी न होने पर वर्ष 2022 में उसके साथ मारपीट कर उसे दोनों बच्चों सहित मायके भेज दिया गया, तब से वह मायके में ही रह रही है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इसी बीच उसे जानकारी मिली कि पति मुकेश सोनकर ने उसके रहते दूसरी शादी कर ली है। इस संबंध में उसने बरसठी थाना (जौनपुर) में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Advertisement

मामले में मिर्जामुराद पुलिस ने पुलिस आयुक्त के आदेश पर पति मुकेश सोनकर, ससुर गुलाब सोनकर, चचिया ससुर पप्पू उर्फ बबलू, सास आशा देवी, चचिया सास माधुरी देवी, जेठ संजय सोनकर, राहुला सोनकर, जेठानी रीशु व संगीता, देवर दीपु उर्फ बीनू, ननद सोनम, ननदोई मनोज तथा सोनू और छोटू सोनकर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page