Connect with us

वाराणसी

25 दिन के दूधमुंहे बच्चे की रजाई में दम घुटने से मौत

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर गांव में शुक्रवार की सुबह लगभग 25 दिन के दूधमुंहे बच्चे की रजाई में दम घुटने से मौत हो गई। बेनीपुर निवासी राहुल कुमार की शादी सुधा देवी के साथ लगभग दो साल पहले हुई थी। शादी के बाद प्रथम संतान (पुत्र) का जन्म हुआ था। अभी बरही और मंगलगान के साथ खुशियों का माहौल चल रहा था।

बताया गया कि गुरुवार रात मां ने अपने बच्चे को दूध पिलाया और उसे अपने सीने से सटाकर सुला लिया। ठंड अधिक होने के कारण मां ने बच्चे को और स्वयं को ठंड से बचाने के लिए रजाई ओढ़ ली और सो गई। सुबह जब वह उठी तो देखा कि बच्चा दम घुटने से अचेत पड़ा है। उठाने पर कोई हरकत नहीं कर रहा था। वह तुरंत अपने पति को बुलायी। परिजन आनन-फानन में बच्चे को लेकर मोहनसराय (वाराणसी) स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

Loading...

डॉक्टर की बात सुनते ही मां बच्चे को सीने से लगाकर वहीं तेज-तेज रोने और बिलखने लगी। इधर घर पहुंचते ही देखते-देखते परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। जिसने भी यह दृश्य देखा और घटना के बारे में सुना, उसकी आंखें नम हो गईं।

बच्चे के पिता राहुल कुमार ने बताया कि शादी के दो साल बाद पहली संतान की प्राप्ति से घर में खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन भगवान को शायद कुछ और ही मंजूर था, जिससे खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं परिजनों ने बच्चे के शव को गंगा नदी में ले जाकर विधि-विधानपूर्वक प्रवाहित कर दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page