Connect with us

गोरखपुर

माघ मेला यात्रा के लिए रोडवेज ने शुरू की बस प्री-बुकिंग व्यवस्था

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। माघ मेला में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोडवेज प्रशासन ने बसों की अग्रिम बुकिंग व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत श्रद्धालु अब गोरखपुर से प्रयागराज स्थित माघ मेला के लिए बसें पहले से बुक करा सकेंगे। रोडवेज की ओर से जल्द ही बुकिंग एवं जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए जाएंगे।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि, श्रद्धालु एआरएम कार्यालय से संपर्क कर बसों की प्री-बुकिंग करा सकते हैं। पहले से बुक की गई बसों को निर्धारित तिथि पर श्रद्धालुओं के तय स्थान तक भेजा जाएगा। यह दूरी स्थानीय बस स्टॉप से पांच किलोमीटर के दायरे में निर्धारित की गई है।

परिवहन निगम ने माघ मेला के दौरान गोरखपुर परिक्षेत्र से कुल 450 अतिरिक्त बसों के संचालन का निर्णय लिया है। जनपद के 22 विभिन्न स्थानों से बसों का संचालन किया जाएगा, जिनमें खजनी, सिकरीगंज, गोला, उरुवा, बेलघाट सहित अन्य दूर-दराज के क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, इन स्थानों पर बसें तय समय पर उपलब्ध रहेंगी, जिससे श्रद्धालु सीधे वहीं से प्रयागराज की यात्रा कर सकेंगे।

समूह में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए 13 जनवरी से विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यदि 52 सीटों वाली बस में 50 यात्रियों की बुकिंग होती है, तो बस श्रद्धालुओं के नजदीकी चौराहे या निर्धारित स्थान तक भेजी जाएगी। यात्रा की तिथि तय होने पर उसी दिन बस को संबंधित स्थान पर भेज दिया जाएगा।

परिवहन निगम अधिकारियों का कहना है कि बुकिंग, बसों की उपलब्धता और समय-सारिणी से जुड़ी सभी जानकारियां हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से दी जाएंगी। माघ मेला में जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जा रही हैं।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page