वाराणसी
इंडिगो संकट जारी, वाराणसी में 16 उड़ानें रद्द
वाराणसी। जनपद के बाबतपुर एयरपोर्ट ( लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा) पर इंडिगो एयरलाइंस का संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार आठवें दिन भी कई उड़ानें संचालित नहीं हो सकीं। मंगलवार को पांच महानगरों के लिए निर्धारित कुल 16 उड़ानें रद्द कर दी गईं। एयरलाइंस इसकी जानकारी पहले ही जारी कर चुकी थी।
हालांकि, देर रात 2:45 बजे पुणे से आने वाला IndiGo विमान वाराणसी पहुंचा और निर्धारित समय सुबह 3:30 बजे वापस पुणे के लिए रवाना भी हुआ। मुंबई की उड़ान भी सुबह नौ बजे अपने तय समय के अनुसार उतरी, लेकिन अन्य कई सेवाओं को ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए बंद रखा गया।
इनमें बैंगलुरु की दो, दिल्ली की दो, हैदराबाद की एक, मुंबई की एक और कोलकाता की एक आने वाली उड़ानें शामिल रहीं। इनके निरस्त होने का असर वापसी की उड़ानों पर भी पड़ा और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
यात्रा योजनाओं में बदलाव और वैकल्पिक साधनों की तलाश से यात्री खासे परेशान दिखाई दिए। इंडिगो की ओर से सलाह दी गई है कि यात्री अपनी टिकट और उड़ान की स्थिति लगातार चेक करते रहें। कंपनी ने माफी मांगते हुए आश्वासन दिया है कि सेवाओं को जल्द सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
रद्द हुई उड़ानों में 6E 6719/432 हैदराबाद, 6E 6258/2231 दिल्ली, 6E 2334/2321 दिल्ली, 6E 185/353 बैंगलुरु, 6E 897/144 बैंगलुरु, 6E 6447/6570 मुंबई, 6E 822/507 कोलकाता और 6E 897/499 बैंगलुरु की फ्लाइट्स शामिल है।
लगातार उड़ानें ठप रहने से यात्रियों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। स्थिति में सुधार की उम्मीद तो है लेकिन फिलहाल लोगों को यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और एयरलाइंस के अपडेट पर नज़र बनाए रखने की आवश्यकता है। समस्या के समाधान के लिए एयरलाइन प्रबंधन की ओर से की जा रही कार्रवाई पर निगरानी की जा रही है।
