अपराध
तीन अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, 11 मोटरसाइकिलें बरामद
पडरौना (कुशीनगर)। नगर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। टीम ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए उनकी निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पकड़े गए आरोपियों पर पडरौना कोतवाली के अलावा कसया, विशुनपुरा तथा देवरिया और गोरखपुर जिलों में भी मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ सदर डॉ. अजय कुमार सिंह के अनुसार, हाल ही में शहर में बढ़ी बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस के साथ स्वाट टीम को भी लगाया गया था। इसी क्रम में रविवार सुबह खिरकिया बाजार के पास संदिग्ध रूप में घूम रहे तीन युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई। शुरुआती सवाल-जवाब में टालमटोल करने पर सख्ती बरतने पर उन्होंने बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और यह भी बताया कि वे एक और चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
गिरफ्तार युवकों की पहचान शमशाद अंसारी उर्फ़ खरहा (निवासी उर्दहा नंबर दो, थाना रामकोला), अशोक पासवान (निवासी बलुआ रेता, थाना नदी, जिला पश्चिमी चंपारण; वर्तमान पता जंगल विशुनपुरा, थाना कोतवाली पडरौना) और अनिल यादव (निवासी मदरहवा मूजा टोला, थाना नदी, जिला पश्चिमी चंपारण) के रूप में हुई है।
तीनों की बताई जानकारी पर अशोक पासवान के घर से चोरी की 11 बाइकें बरामद की गईं। सीओ ने बताया कि यह पूरा गिरोह संगठित तरीके से काम करता है। भीड़भाड़ वाली जगहों जैसे शॉपिंग मॉल, बैंक और सब्जी मंडी से मोटरसाइकिल चोरी कर, आसपास के सुनसान इलाकों या झाड़ियों में उन्हें छिपा देते हैं। बाद में मौका देखकर वाहनों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाकर बिहार में बेच देते हैं और पैसे आपस में बाँट लेते हैं।
जांच में सामने आया कि गिरोह का नेतृत्व शमशाद करता है और तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है। इन्होंने पडरौना, कसया, विशुनपुरा के साथ-साथ देवरिया और गोरखपुर जिलों में भी कई चोरी की घटनाएं की हैं।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, स्वाट प्रभारी आशुतोष सिंह, एसएसआई रविभूषण राय, दारोगा अमित सिंह, वीरेंद्र बहादुर सिंह और सचिन दिवाकर सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
