गोरखपुर
विगही सहकारी समिति में उर्वरक उतारना बना जोखिम भरा काम
गोरखपुर। जनपद के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत विगही की साधन सहकारी समिति पर उर्वरक उतरवाना लगातार चुनौती भरा होता जा रहा है। जब भी यूरिया या डीएपी से लदा ट्रक समिति परिसर में पहुंचता है, तो सचिव से लेकर कर्मचारियों तक सबकी मुश्किलें बढ़ जाती हैं। एक तरफ नहर, दूसरी ओर घनी आबादी और बीच में बेहद संकरा मार्ग ट्रकों की आवाजाही को जोखिमपूर्ण बना देता है।
ट्रक को समिति परिसर तक लाने में हर बार चालक को फूंक-फूंक कर कदम रखना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की चौड़ाई कम होने और मोड़ तीखे होने के कारण कभी-कभी वाहन फंस भी जाता है, जिससे जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। इसके आगे वीजी रोड होने से खतरा और बढ़ जाता है।
सचिव और कर्मचारियों का मानना है कि यदि जल्द ही सड़क चौड़ीकरण या वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की गई, तो आगे उर्वरक आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। स्थानीय लोग के साथ सहकारी समिति के कर्मचारियों सहित सचिव भी समाधान की मांग कर रहे हैं।
