वाराणसी
वीडीए में नोटिस सुनवाई और मानचित्र निस्तारण कैम्प आयोजित
वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण के सभागार में गुरुवार को सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में “नोटिस सुनवाई एवं मानचित्र निस्तारण कैम्प” का सफल आयोजन किया गया। यह कैम्प उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के निर्देशानुसार आयोजित किया गया था।
कैम्प का उद्देश्य भवन स्वामियों से प्राप्त मानचित्र, नोटिस तथा शमन से संबंधित प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना था। इस दौरान सचिव ने निर्देशित किया कि सभी अनुभाग ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त मानचित्रों और प्रार्थना–पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही, तकनीकी कारणों अथवा नियमों के अनुपालन न होने पर अस्वीकृत मानचित्रों पर संबंधित प्रवर्तन टीम द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
कैम्प के दौरान विभिन्न अनुभागों द्वारा की गई प्रमुख कार्यवाहियों में कुल 101 प्रकरण सुनवाई हेतु प्रस्तुत हुए।नियोजन अनुभाग द्वारा 14 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।21 प्रकरणों को अस्वीकृत/स्क्रूटनी हेतु सम्मनित किया गया। मानचित्र एवं नोटिस संबंधी सुनवाई में 72 भवन स्वामी उपस्थित रहे।

इस व्यापक जनसुनवाई अभियान में नगर नियोजक प्रभात कुमार, सहायक नगर नियोजक सौरभ जोशी, पाँचों जोनों के जोनल अधिकारी, अवर अभियंता, लिपिकगण तथा नियोजन, आवाप्ति, सीलिंग एवं विधि अनुभाग के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे। सभी ने अपने स्तर से कार्यवाही को सुचारू रूप देकर कैम्प को सफल बनाने में सहयोग किया।
प्राधिकरण द्वारा मानचित्र एवं नोटिस निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ एवं त्वरित बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि प्रत्येक गुरुवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) सभागार में नियमित रूप से “नोटिस सुनवाई एवं मानचित्र निस्तारण कैम्प” आयोजित किया जाएगा। इससे भवन स्वामियों को एक ही स्थान पर पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध समाधान उपलब्ध होगा तथा शहर के सुव्यवस्थित शहरी विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।
