Connect with us

गोरखपुर

गोरखपुर में स्वच्छ्ता अभियान की उड़ाई गई धज्जियाँ, सड़क किनारे दिखा कचरे का अंबार

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। गोला ब्लॉक के ग्राम पंचायत डाड़ी खास में कचरा निस्तारण के प्रति बरती जा रही गंभीर लापरवाही अब स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा खतरा बनती जा रही है। गोला–कौड़ीराम रोड स्थित भरसी मोड़ के पास, सड़क पटरी के किनारे बने गड्ढे (खंदक) में ग्राम पंचायत का कचरा लगातार फेंका जा रहा है।

इस खंदक में पहले से भरा हुआ बारिश का पानी कचरे के साथ मिलकर अब भयंकर दुर्गंध छोड़ रहा है। आस-पास रहने वाले और दुकान चलाने वाले लोग इस स्थिति से बुरी तरह त्रस्त हैं। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि इस आबादी वाले क्षेत्र में जलजनित बीमारियों के फैलने का खतरा काफी बढ़ गया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कई महीनों से डाड़ी खास ग्राम पंचायत का कचरा डांडी चौराहे से लाकर इसी रिहायशी इलाके में फेंका जा रहा है। भरसी मोड़ से सटे इस क्षेत्र में अभिषेक चंद, सतेंद्र मिश्र, छेदी सिंह, रामचंद्र सिंह, कुम्हकरण, अमरनाथ यादव, आजाद सहित कई लोगों की दुकानें हैं, और उनमें से कई लोग रात में भी यहीं निवास करते हैं। लगातार बढ़ती दुर्गंध, मच्छरों का जमाव और बढ़ता प्रदूषण उनके लिए दैनिक जीवन का संकट बन गया है।

स्थानीय दुकानदार अभिषेक चंद ने बताया कि कचरा फेंकने से मना करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होती है। उल्टे उन्हें यह जवाब मिलता है कि यह “सरकारी जमीन” है, इसलिए कचरा यहीं फेंका जाएगा। उनका कहना है कि पानी में गिरने के बाद कचरा सड़ने लगता है, जिससे मच्छरों के लार्वा तेजी से पनप रहे हैं। शाम होते ही बड़े-बड़े मच्छरों का हमला शुरू हो जाता है, जिसके कारण दुकानदारों को अपनी दुकानों में कंडल जलाना मजबूरी बन गया है।

लोगों का कहना है कि कचरे से उठने वाली दुर्गंध इतनी तीखी है कि वहां कुछ देर खड़ा रहना भी मुश्किल हो जाता है। बच्चों और बुजुर्गों में बीमारी का खतरा सबसे अधिक है। स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि यदि यह स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो डेंगू, मलेरिया, हैजा, टाइफाइड समेत कई जलजनित बीमारियों का प्रकोप किसी भी समय फैल सकता है।

Advertisement

चौराहेवासियों ने शासन और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि कचरा डालने की यह अव्यवस्था न सिर्फ गलत है, बल्कि सीधे-सीधे आम जनजीवन को खतरे में डाल रही है। उन्होंने तुरंत यहां कचरा डालना बंद कराने की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page