Connect with us

शिक्षा

BHU : बीपीईडी-एमपीईडी छात्रों का प्रदर्शन, केंद्रीय भर्ती परीक्षाओं में मान्यता की मांग

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। बीएचयू में बीपीईडी और एमपीईडी कोर्स के छात्रों ने गुरुवार की सुबह कुलपति आवास के बाहर धरना प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि हाल ही में आयोजित एनवीएस और ईएमआरएस सहित अन्य केंद्रीय भर्ती परीक्षाओं में उनके कोर्स को मान्यता नहीं दी गई है, जबकि कोर्स एनसीटीई द्वारा अनुमोदित है। इस स्थिति को छात्रों ने अपने भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाज़ी करते हुए कहा कि केंद्रीय भर्ती परीक्षाओं में मान्यता न देना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे उनका करियर प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने बताया कि पात्रता संबंधी अस्पष्टता और तकनीकी दिक्कतों की वजह से वे KVS/NVS के फार्म तक नहीं भर पा रहे हैं। कई बार ईमेल और ट्वीट के माध्यम से शिकायत करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।

धरने के बीच छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल कुलपति से भी मिला। कुलपति ने उनकी चिंता को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित प्राधिकरणों को निर्देशित कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दो छात्रों और दो अध्यापकों का प्रतिनिधिमंडल भेजा जाएगा, जो इस मुद्दे को प्रभावी तरीके से रखेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को प्राथमिकता दी जाएगी।

कुलपति आवास के बाहर 100 से अधिक छात्र-छात्राओं के सुबह प्रदर्शन शुरू करने से परिसर में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन छात्र शांतिपूर्वक धरने पर बैठे रहे और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया।

छात्रों ने कहा कि पिछले दो दिनों से रजिस्ट्रार कार्यालय में लगातार प्रयासों के बाद भी समाधान न मिलने के कारण वे मजबूर होकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज उठाना जारी रखेंगे और किसी भी प्रकार का संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page