वाराणसी
शादी का झांसा देकर शोषण और गर्भपात का आरोप, मुकदमा दर्ज
वाराणसी। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में एक छात्रा ने कैंट थाने में नामजद युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी ने साइकिल में हवा न होने का बहाना बनाकर उसे झांसे से कैंट स्टेशन के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में ले जाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बनाया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता के अनुसार, इस दौरान दो बार गर्भपात भी कराया गया। शादी का भरोसा देकर आरोपी उसे बहलाता रहा, लेकिन धमकियों और दबाव का सिलसिला जारी रहा।
पीड़िता ने बताया कि जुलाई 2025 में उसकी मां की ओर से कैंट थाने में तहरीर भी दी गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में लिखित समझौता हुआ था। बावजूद इसके आरोपी ने धमकी देना नहीं छोड़ा और उस पर तेजाब फेंकने की धमकी देने लगा।
कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
