वाराणसी
एसीपी विदुष सक्सेना ने किया सारनाथ पर्यटक थाने का औचक निरीक्षण
वाराणसी। गौतम बुद्ध की उपदेश स्थली सारनाथ में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की समस्याओं के समाधान के लिए पर्यटक पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की हकीकत जानने को लेकर शुक्रवार को असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर (सारनाथ सर्किल) विदुष सक्सेना ने सारनाथ पर्यटक थाना का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसीपी ने मालखाना रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों की विस्तृत जांच की। उन्होंने बताया कि आज पर्यटन थाना का निरीक्षण किया गया है। मालखाना रजिस्टर सहित अन्य चीजों को भी चेक किया गया है। हालांकि कोई गंभीर कमी नहीं मिली है, लेकिन जहां-जहां कमियां पाई गईं, उन्हें जल्द से जल्द सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
एसीपी ने कहा कि सारनाथ विश्व-प्रसिद्ध पर्यटन केंद्र है और यहां वर्षभर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पर्यटन थाना लगातार तत्पर रहता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी पर्यटक को किसी भी प्रकार की दिक्कत होती है, तो वह पर्यटन थाने में शिकायत दर्ज कराता है, जिसे पर्यटक पुलिस के जवान तत्परता से निस्तारित करते हैं।
निरीक्षण के जरिए एसीपी ने यह सुनिश्चित किया कि पर्यटक पुलिस जमीन स्तर पर अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन कर रही है।
