वाराणसी
मां के साथ बनारस पहुंची अभिनेत्री अहसास चन्ना, बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन
बनारसी चाट, मल्लईयों का लिया स्वाद
वाराणसी। बॉलीवुड और ओटीटी जगत की लोकप्रिय अभिनेत्री अहसास चन्ना इन दिनों काशी की आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक रंगों में डूबी हुई हैं। वह अपनी मां के साथ वाराणसी पहुंचीं, जहां उन्होंने शहर की पारंपरिक जीवनशैली, संकरी गलियों और पवित्र घाटों का अनुभव एक सामान्य पर्यटक की तरह लिया। शुक्रवार को भी उन्होंने अपनी मां के साथ बनारस की गलियों में घूमते हुए सोशल मीडिया पर एक रील्स शेयर किया है जिसमें उनकी मां बनारस की गलियों में घूमने को लेकर काफी खुश नजर आ रही है।

बता दें कि, शहर में कदम रखते ही अहसास ने सबसे पहले मां संग ऑटो रिक्शा की सवारी की। इस दौरान के वीडियो और तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए, जिनमें वह काशी की गलियों में स्थानीय लोगों से बातचीत करती दिखाई दीं। अहसास ने कहा कि बनारस की ऊर्जा और माहौल किसी को भी अपनी ओर आकर्षित कर लेता है।
इसके बाद उन्होंने अपनी मां के साथ बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई और मंदिर परिसर में तस्वीरें भी खिंचवाईं। वे काशी की प्राचीन गलियों में घूमती नजर आईं और रिक्शा से गोदौलिया से लेकर अस्सी तक का भ्रमण किया। अस्सी और गोदौलिया क्षेत्रों में उन्होंने गंगा तट की शांति, सुंदरता और आरती के दिव्य वातावरण को कैमरे में कैद किया। दर्शन के बाद उन्होंने मां अन्नपूर्णा मंदिर में भी मत्था टेका और प्रसाद ग्रहण किया।

काशी प्रवास के दौरान अहसास ने यहां की प्रसिद्ध बनारसी चाट का भी स्वाद लिया। उन्होंने कहा कि बनारस की चाट की सादगी और स्वाद वास्तव में दिल को छू लेने वाला है। अहसास ने काशी की गलियों, दुकानों और घाटों की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं।

अहसास चन्ना का परिचय

अहसास चन्ना ने मुंबई यूनिवर्सिटी से साइकोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है। उन्होंने करियर की शुरुआत छोटी उम्र में की थी। उनकी पहली फिल्म ‘वास्तु शास्त्र’ (2004) थी, जिसमें उन्होंने सुष्मिता सेन के बेटे का किरदार निभाया था। इसके बाद उन्होंने माई फ्रेंड गणेशा, फूक और कभी अलविदा ना कहना जैसी फिल्मों में काम किया, जहां बचपन में वे अक्सर लड़कों के किरदार में नजर आती थीं।
साल 2008 के बाद उन्होंने कुछ समय पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया। आगे चलकर उन्होंने ‘देवों के देव… महादेव’ (2014) में महादेव और पार्वती की बेटी का किरदार निभाया। इसके अलावा अहसास ने एमटीवी के कई शोज में काम किया।
टीवी की दुनिया में भी उनका अनुभव व्यापक है। वह ‘कसम से’, ‘सावधान इंडिया’, ‘मधुबाला – एक इश्क एक जुनून’, ‘फियर फाइल्स’, ‘ओए जस्सी’, ‘क्राइम पेट्रोल’ और ‘दस्तक’ जैसे धारावाहिकों में अभिनय कर चुकी हैं।
