गाजीपुर
महिला आयोग सदस्य ने सुनी पीड़ित महिलाओं की समस्याएँ
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने बुधवार को जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन से जुड़े मामलों की सुनवाई की। लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस/निरीक्षण गृह में आयोजित इस जनसुनवाई में पुलिस अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सुनवाई के दौरान सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षण के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से विश्लेषण कर संबंधित विभागों के सहयोग से न्याय सुनिश्चित कराना उनकी प्राथमिकता है।
बुधवार को कुल 09 प्रकरण महिला आयोग के समक्ष प्रस्तुत हुए, जिन पर सदस्य ने अधिकारियों को शीघ्र जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के उपरांत सुनीता श्रीवास्तव ने मीरनपुर सक्का, सदर विकास खंड के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने दो गर्भवती महिलाओं का गोद भराई तथा एक नवजात शिशु का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। गर्भवती महिलाओं को फल की टोकरी भेंट की गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर शेखर सेंगर, महिला थाना प्रभारी नीतू मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी, तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
