Connect with us

वाराणसी

घाटों की ड्रोन से निगरानी करें, नाविकों को लाइफ जैकेट अनिवार्य : सीएम योगी

Published

on

Loading...
Loading...

लखनऊ/वाराणसी | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में काशी की देव दीपावली की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि देव दीपावली (5 नवंबर) और गंगा महोत्सव (1 से 4 नवंबर) की सभी तैयारियां समय पर और भव्य स्तर पर पूरी हों।

योगी ने कहा कि देव दीपावली काशी की सनातन परंपरा, गंगा आराधना और लोक आस्था का अद्वितीय संगम है। यह पर्व केवल दीपदान नहीं, बल्कि धर्म, कर्तव्य और राष्ट्रभाव का प्रतीक है। उन्होंने निर्देश दिया कि घाटों पर उजाले, दीपदान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की ऐसी व्यवस्था हो जिससे श्रद्धा, अनुशासन और सौंदर्य का अनूठा संगम दिखाई दे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा घाटों पर दीपदान का दृश्य अनुशासन और श्रद्धा की मिसाल बने, इसके लिए सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पर्यटन, नगर निगम, पुलिस, जल पुलिस, संस्कृति, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने के निर्देश दिए।

स्मार्ट लाइटिंग, फ्लोरल डेकोरेशन और ड्रोन मॉनिटरिंग का निर्देश

सीएम योगी ने कहा कि घाटों पर स्मार्ट लाइटिंग, आकर्षक फ्लोरल डेकोरेशन, थीम आधारित इंस्टॉलेशन, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने घाटों, गलियों और प्रमुख मार्गों की सफाई एवं सजावट पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

Advertisement

24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

सीएम ने निर्देश दिया कि कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय रहे तथा कमांड सेंटर से सीसीटीवी फीड की निरंतर निगरानी की जाए। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त शौचालय, पेयजल, चिकित्सा सहायता और प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए जाएं। घाटों के पास आपातकालीन नौका और एम्बुलेंस सेवाएं उपलब्ध हों। नाविकों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट, पंजीकरण टैग और निर्धारित रूट की जानकारी सुनिश्चित की जाए।

चेत सिंह घाट पर लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी

बैठक में बताया गया कि चेत सिंह घाट पर 25 मिनट का लेजर शो प्रतिदिन तीन बार आयोजित होगा। वहीं, काशी विश्वनाथ घाट से चेत सिंह घाट तक सैंड आर्ट इंस्टॉलेशन बनाए जाएंगे। काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी और संगीत कार्यक्रम के साथ 10 मिनट का ग्रीन फायरक्रैकर शो भी होगा।

“क्लीन काशी, ग्रीन काशी, डिवाइन काशी” की भावना साकार हो

Advertisement

सीएम योगी ने कहा कि देव दीपावली का आयोजन “क्लीन काशी, ग्रीन काशी, डिवाइन काशी” की भावना को साकार करने वाला हो। घाटों से लेकर गलियों तक स्वच्छता, सुगमता और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, विद्युत आपूर्ति और चिकित्सा सेवाओं पर विशेष ध्यान देने के साथ स्थानीय कलाकारों, विद्यालयों, महिला समूहों और धर्माचार्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यह पर्व जनसहयोग और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बने।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page