Connect with us

वाराणसी

जर्जर सड़क से आवगमन मुश्किल, राहगीर परेशान

Published

on

वाराणसी। जिले के चंगवार भट्ठा से मधुमक्खियां ग्रामसभा होते हुए रामपुर को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गड्डे होने से लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर सड़क टूट जाने से यात्री और वाहन चालक दोनों परेशान हैं।

मधुमक्खियां ग्रामसभा के निवासियों के लिए स्थिति और भी गंभीर है। बरसात के दिनों में सड़क पर पानी और कीचड़ भर जाने से पैदल चलना तक कठिन हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। गड्डों में फंसकर वाहन फिसलने की घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों को सड़कों पर बने गड्डों के कारण अपने वाहनों को नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ती है। इससे न सिर्फ समय की बर्बादी होती है, बल्कि वाहनों की मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च भी बढ़ गया है।

यह सड़क रामपुर जैसे महत्वपूर्ण कस्बे को जोड़ती है, जो आसपास के ग्रामीणों के लिए रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण इन आवश्यक सेवाओं तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाना लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

स्थानीय निवासियों ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से सड़क की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page