Connect with us

गाजीपुर

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर कांग्रेस ने दिया समरसता का संदेश, अजय राय का मनाया गया जन्मदिन

Published

on

गाजीपुर। कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को शहर कांग्रेस कैंप कार्यालय, सकलेनाबाद में महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का जन्मदिन भी हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष चंद्रिका सिंह ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को नमन करने के साथ हुई। इस मौके पर चंद्रिका सिंह ने कहा कि, महर्षि वाल्मीकि का जीवन इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि व्यक्ति अगर सही मार्ग पर चले तो समाज का मार्गदर्शक बन सकता है।” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज में नफ़रत और विभाजन फैलाया जा रहा है, तब वाल्मीकि जी के समरसता, समानता और भाईचारे के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हैं।

उन्होंने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपा समाज को बांटने और अपनी नाकामियों को छिपाने में व्यस्त है, जबकि कांग्रेस सबको साथ लेकर चलने की नीति पर काम कर रही है।”

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का जन्मदिन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने केक काटा और मिठाई बांटते हुए उनके दीर्घायु व जनसेवा में सफलता की कामना की।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार श्रीवास्तव “पी.सी.सी.” ने कहा कि “महर्षि वाल्मीकि की शिक्षा हमें सिखाती है कि समाज के कमजोर वर्गों की आवाज़ बुलंद करना ही सच्ची सेवा है। लेकिन भाजपा सरकार ने गरीब, किसान, नौजवान और मजदूर—सभी वर्गों को ठगा है। महंगाई और बेरोज़गारी से जनता त्रस्त है और सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है।”

Advertisement

उन्होंने आगे कहा कि अजय राय जैसे जमीनी नेता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और भाजपा की दमनकारी नीतियों का डटकर मुकाबला कर रहे हैं।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने वाल्मीकि जयंती और अजय राय के जन्मदिन को जनसेवा, समानता और एकता का प्रतीक दिवस बताते हुए समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर राजेश गुप्ता, राजेश विश्वकर्मा, अजय दुबे, अखिलेश यादव, आलोक यादव, सदानंद गुप्ता, शैला रतन यादव, रामविलास यादव, मुकुल यादव, दाउ विश्वकर्मा, किशन विश्वकर्मा, रईस अहमद, भैया लाल पांडे, लखन श्रीवास्तव, शक्ति आनंद, ओम प्रकाश यादव, विजय कुमार शर्मा, धनजी पांडे सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “जय महर्षि वाल्मीकि” और “जय कांग्रेस” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page