Connect with us

गोरखपुर

युवक ने साड़ी के फंदे से लटककर की आत्महत्या

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटाई टिकर मिश्रौलिया में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब 27 वर्षीय युवक विकास शर्मा पुत्र स्व. जयप्रकाश शर्मा ने साड़ी के फंदे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि मृतक ने दोपहर लगभग 12 बजे अपने कमरे में यह कदम उठाया। परिजनों के मुताबिक, विकास पिछले कुछ दिनों से गहरी मानसिक तनाव की स्थिति में था।

सूचना पर थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्र मयफोर्स मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतार पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। मृतक की पत्नी का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था और छह दिन पूर्व ही उसने पुत्री को जन्म दिया था।

परिजनों ने बताया कि विकास बीते कुछ महीनों से एक एनएलटीआई समूह से लोन लेने के बाद लगातार आर्थिक दबाव में चल रहा था। समूह के कर्जदारों द्वारा बार-बार किश्तों के लिए दबाव बनाए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। ग्रामीणों के अनुसार, आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बोझ ने विकास को तोड़ दिया, जिससे वह अवसाद में चला गया।

घटना के दिन जब वह बकरी चराकर घर लौटा, तो अंदर कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद मां ने आवाज लगाई, पर कोई उत्तर नहीं मिला। शंका होने पर आसपास के लोगों को बुलाया गया और दरवाजा तोड़ने पर वह साड़ी के फंदे से लटका मिला। उसकी मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया।

मृतक की मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए ताकि नवजात और पत्नी का भरण-पोषण सुनिश्चित हो सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहराई से पड़ताल कर रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page