चन्दौली
संचारी रोग नियंत्रण अभिमुखीकरण कार्यशाला का हुआ आयोजन
सकलडीहा (चंदौली)। संचारी रोग नियंत्रण अभिमुखीकरण कार्यशाला विकासखंड के सभा कक्ष में प्रातः 10:00 बजे आयोजित की गई। बैठक में पंचायत सचिव, समस्त ग्राम प्रधान एवं समस्त पंचायत सहायकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। सभी ग्रामों में 5 अक्टूबर से संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम चलाया जाएगा जो 31 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा।
इस अवधि में पंचायती राज विभाग द्वारा गांव के मुख्य मार्गों पर झाड़ी की कटाई का कार्य, गांव की आंतरिक गलियों में नालियों की सफाई का कार्य तथा जल जमाव वाले स्थल एवं नालियों में एंटी मलेरिया लार्वा दवा का छिड़काव किया जाएगा। सायं समय में फॉगिंग का कार्य किया जाएगा ताकि डेंगू और मलेरिया के मच्छरों से ग्रामीणों को निजात मिल सके।
जो ग्राम पंचायत में उथले हैंडपंप हैं उन्हें लाल रंग के क्रॉस का निशान लगाया जाएगा ताकि लोगों को यह जानकारी हो कि इसका पानी पीने योग्य नहीं है। इंडिया मार्का टू हैंडपंप का ही पानी पीने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। हैंडपंप के 10 मीटर की परिधि में व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
प्रधान जी द्वारा रैली आयोजित कर एवं ग्राम पंचायत में बैठक कराकर लोगों को इस विषय में जागरूक किया जाएगा। इस आशय की जानकारी दी गई।
2 अक्टूबर को गांधी जयंती के शुभ अवसर पर हमारा संविधान हमारा गौरव टैग करते हुए ग्राम सभाओं की बैठकें आयोजित किए जाने के भी निर्देश सचिवों को दिए गए।
