गाजीपुर
बारा गांव में बिजली ठप, ग्रामीण आक्रोशित
बारा (गाजीपुर)। जिले के बारा गांव स्थित विद्युत उपकेंद्र से शुक्रवार शाम से बिजली आपूर्ति ठप है। शाम 7 बजे से गुल हुई बिजली शनिवार तक बहाल नहीं हो सकी, जिससे ग्रामीणों को रातभर अंधेरे और उमस में परेशानी का सामना करना पड़ा।

विद्युत विभाग ने 33 केवी लाइन में फॉल्ट और इंसुलेटर खराब होने का हवाला देते हुए उपभोक्ताओं को संदेश जारी किया था। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि हल्की बारिश या हवा चलते ही विभाग बिजली काटकर औपचारिक संदेश भेज देता है, जिससे उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है।

ग्रामीण अवसार आलम और गुफरान खान का कहना है कि विभाग के पास बिजली व्यवस्था सुधारने का कोई ठोस इंतजाम नहीं है। वे आरोप लगाते हैं कि अक्सर 33 केवी लाइन की खराबी या इंसुलेटर जलने का बहाना बनाकर घंटों बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि उपभोक्ता किससे शिकायत करें और कौन जिम्मेदारी तय करेगा।

इस संबंध में अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके फोन रिसीव नहीं हुए और कोई ठोस जवाब नहीं मिला। वहीं, मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि इंसुलेटर खराब होने के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने जल्द मरम्मत कर बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया।
लगातार बाधित आपूर्ति से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। लोगों ने विभाग से स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि हल्की बारिश में भी उन्हें अंधेरे में न रहना पड़े।
