Connect with us

गाजीपुर

नवरात्र के प्रथम दिन दर्जनों पण्डालों में रखी जाएगी मां दुर्गा की प्रतिमाएं

Published

on

नन्दगंज (गाजीपुर)। जिले के नन्दगंज क्षेत्र में दर्जनों पण्डालों में नवरात्र के प्रथम दिन सोमवार को ही मां दुर्गा की प्रतिमाएं पूजा-पाठ के साथ स्थापित की जाएगी। केवल नन्दगंज बाजार में ही पाँच स्थानों पर भव्य पूजा पण्डाल बनाकर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इसमें बाजार के पूरब तरफ नन्दगंज औद्योगिक क्षेत्र के पास, शादियाबाद मोड़ पर, चोचकपुर तिराहा पर, स्टेशन तिराहा थाना के पास और पच्छिमी रेलवे क्रॉसिंग के पास हनुमान मंदिर पर लम्बे अर्से से मां दुर्गा की प्रतिमाएं पण्डालों में स्थापित की जाती हैं।

जिसमें स्टेशन तिराहा थाना के पास और चोचकपुर मोड़ के पास स्थापित सार्वजनिक पूजा समिति में पण्डालों की साज-सज्जा तथा मां दुर्गा की प्रतिमाओं को लेकर प्रतिवर्ष प्रतियोगिता होती रहती है। इसलिये इन दोनों जगहों पर एक माह से ही अस्थायी पण्डाल बनाने का कार्य शुरू हो जाता है।

इस बार चोचकपुर मोड़ पर केदारनाथ मंदिर जैसा पण्डाल बनाकर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। इधर एक सप्ताह से प्रतिदिन बरसात हो जाने से पण्डाल बनाने के कार्य में रुकावट आ रही है। फिर भी आयोजकों द्वारा नवरात्र के प्रथम दिन सोमवार को पण्डाल में प्रतिमाएं स्थापित करने हेतु पण्डाल की साज-सज्जा कर ली जाएगी। इसके लिये चौबीसों घंटे स्थानीय लोग कार्य कर रहे हैं। इसी तरह बरहपुर, दवोपुर, नैसारा, कुसुम्हींकला, देवसिहां आदि गाँवों में बनाये जा रहे पण्डालों में नवरात्र के प्रथम दिन ही मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page