वाराणसी
पूर्णिमा महोत्सव: काशी में हजारों साधक करेंगे तंत्र क्रिया योग, 10 हजार भक्त लेंगे एक साथ दीक्षा
वाराणसी इस पूर्णिमा पर अद्भुत आध्यात्मिक महाकुंभ का गवाह बनने जा रहा है। बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में श्री राधारमण शिष्य संप्रदाय फाउंडेशन की ओर से सात से नौ सितंबर तक तीन दिवसीय पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर देशभर से 60 हजार से अधिक साधक तंत्र क्रिया योग, कुंडलिनी जागरण और ध्यान साधना में हिस्सा लेंगे।
मिश्री मठ हरिद्वार के अधिपति करौली शंकर महाराज तीन दिनों तक साधकों को तंत्र क्रिया योग और अध्यात्म की गहन विधाओं का ज्ञान देंगे। सात सितंबर को 10 हजार भक्त एक साथ ढाई सौ से अधिक यज्ञ कुंडों में आहुतियां देंगे, जो अद्वितीय दृश्य होगा।
संस्था के संयोजक राहुल चौधरी ने बताया कि कानपुर और हरिद्वार के बाद पहली बार काशी में इस तरह का पूर्णिमा दीक्षा महोत्सव आयोजित हो रहा है। आयोजन में सांस्कृतिक संध्या, गुरु संग ज्ञान चर्चा, पंचमहाभूत शुद्धि और सिद्धि सत्र, तंत्र क्रिया योग दीक्षा और ध्यान साधना जैसे विशेष सत्र होंगे।
आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया जाएगा। सात सितंबर को काशी में एक लाख पौधे लगाने का संकल्प साधकों द्वारा लिया जाएगा जिसे आगामी एक वर्ष में पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर करौली शंकर महाराज 6 सितंबर को ही काशी पहुंचेंगे।
पूर्णिमा महोत्सव का यह आयोजन न केवल साधना और अध्यात्म की दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि यह काशी की सनातन परंपरा, सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण संरक्षण के संगम का भी प्रतीक बनेगा।
