वाराणसी
वाराणसी जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए मिले नए बैरिकेड
वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर आज से यात्री सुरक्षा और संरक्षा के मद्देनज़र नए बैरिकेड रेल सुरक्षा बल को मिलने शुरू हो गए हैं। महाकुंभ 2025 के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त बैरिकेड की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

अब तक रेल सुरक्षा बल के पास केवल 4 कैंची वाले बैरिकेड ही उपलब्ध थे, जबकि बाकी बैरिकेड बनारस रेल कारखाना, सिविल पुलिस और इंजीनियरिंग विभाग से ठेके पर लिए गए थे। इस स्थिति को देखते हुए रेल सुरक्षा बल की चर्चा के बाद करीब 80 नए बैरिकेड की जरूरत तय की गई, जिसके लिए स्थानीय रेल प्रशासन ने आलमबाग वर्कशॉप, लखनऊ से संपर्क किया।
16 जून 2025 को लगभग 13 लाख रुपये की लागत से 80 बैरिकेड का परचेज ऑर्डर आलमबाग वर्कशॉप द्वारा कानपुर की एक इकाई को दिया गया था। गृह मंत्रालय द्वारा अधिकृत मानकों के अनुरूप तैयार किए गए ये बैरिकेड अब आलमबाग वर्कशॉप में आपूर्ति हो चुके हैं।
आज 25 अगस्त को पहली खेप में 12 बैरिकेड वाराणसी जंक्शन भेज दिए गए हैं, जबकि शेष बैरिकेड अगले 10 दिनों के भीतर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। नए बैरिकेड मिलने से अब स्थानीय रेल प्रशासन को बाहरी एजेंसियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाना आसान होगा।
