Connect with us

वाराणसी

वाराणसी में अडाणी ग्रुप लगाएगा पब्लिक इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए जल्द ही सार्वजनिक स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन की सुविधा उपलब्ध होगी। अडाणी ग्रुप प्रथम चरण में वाराणसी के तीन स्थानों पर पब्लिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगा। इसके लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) और अडाणी ग्रुप के बीच करार की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों के साथ फाइनल मीटिंग हो चुकी है।

तीन स्थानों पर बनेंगे चार्जिंग स्टेशन
विकास प्राधिकरण और अडाणी ग्रुप की बैठक में जिन तीन स्थानों को प्रस्तावित किया गया है, उनमें संत रविदास पार्क की पार्किंग, वीडीए कार्यालय के एंट्री गेट और लालपुर शामिल हैं।

शहर में 37 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन
वर्तमान में वाराणसी परिवहन कार्यालय में 37 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें दो और चार पहिया वाहनों के साथ 28 हजार से अधिक ई-रिक्शा शामिल हैं। प्रदूषण नियंत्रण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन न होने के कारण वाहन स्वामी घरेलू या चोरी की बिजली से चार्जिंग करने को मजबूर थे।

अब तक सीमित दायरे में चार्जिंग सुविधा
शहर में नदेसर स्थित होटल ताज और पहड़िया के सुरभि इंटरनेशनल होटल, शिवपुर में टाटा शो रूम, सिगरा और महमूरगंज में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन हैं। ये सभी होटल या वाहन शो रूम के परिसर में हैं और केवल अपने ग्राहकों को ही सुविधा देते हैं। शिवपुर स्थित शो रूम में भी चार्जिंग केवल उसके खुलने के समय तक ही संभव है। यही कारण है कि जनता लंबे समय से सार्वजनिक स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन की मांग कर रही थी।

Advertisement

सरकारी बसों के लिए चार्जिंग व्यवस्था
परिवहन निगम के पास वर्तमान में 100 इलेक्ट्रिक बसें हैं, जिन्हें राजातालाब स्थित चार्जिंग स्टेशन से चार्ज किया जाता है। इसके अलावा कैंट रोडवेज बस स्टैंड पर भी चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य जारी है। नगर निगम की ओर से 10 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन का प्रस्ताव है, हालांकि इनके लिए अभी स्थान का चयन नहीं हो सका है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page