वाराणसी
खारीकुआ स्थित श्री नीमा माता व बड़ी शीतला माता मंदिर में भव्य हरियाली हिम श्रृंगार संपन्न
वाराणसी। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रामापुरा खारीकुआ स्थित प्राचीन श्री नीमा माता व बड़ी शीतला माता मंदिर में भव्य हरियाली हिम श्रृंगार बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ आज आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर माता रानी को पंचामृत से स्नान करवाया गया, फिर उन्हें नवीन वस्त्र धारण कराए गए। माता को जूही, गेंदा, अदाहुल आदि सुगंधित पुष्पों की सुंदर मालाओं से श्रृंगारित किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में रम गया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में रात्रि जागरण का आयोजन भी किया गया, जिसमें भक्त भक्ति संगीत का रसास्वादन करते हुए आध्यात्मिक भावों में लीन नजर आए। कार्यक्रम उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के मुख्य सेवायत राहुल गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मंदिर सैकड़ों वर्षों पुराना है और अत्यंत जागृत माना जाता है। उन्होंने कहा कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से माता की आराधना करता है, उसकी हर मनोकामना पूर्ण होती है।
इस पावन श्रृंगार आयोजन में विशेष रूप से सेवा कार्य में जुटे रहे
राहुल गुप्ता (मुख्य सेवायत), मनोज कुमार सिंह (पूर्व पार्षद), राजकुमार बाबा, राकेश गुप्ता, पप्पू जी, धीरज, गोलू सिंह, सूरज सेठ जी एवं सोनी गुप्ता जी। सभी ने तन-मन-धन से इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।
श्रद्धा, सेवा और समर्पण का यह अद्भुत संगम आने वाले वर्षों में भी इसी भक्ति भाव के साथ संपन्न होता रहे — यही सभी श्रद्धालुओं की कामना रही।
