शिक्षा
तिरंगा साइकिल यात्रा से गूंजा काशी विद्यापीठ परिसर
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मंगलवार को आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत तिरंगा साइकिल यात्रा का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना, नेशनल क्रेडिट कॉप्स और क्रीड़ा परिषद के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान भारत माता की जय और झंडा ऊंचा रहे हमारा जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
कुलपति प्रतिनिधि प्रो. सुधीर कुमार शुक्ला, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय और परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने पंत प्रशासनिक भवन स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। साइकिल यात्रा काशी विद्यापीठ गेट नंबर 2 से शुरू होकर फातमान रोड होते हुए गेट नंबर 3 से वापस आई और क्रीड़ा परिषद परिसर में संपन्न हुई।
इस मौके पर विश्वविद्यालय कुलनुशासक प्रो. के.के. सिंह, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्रा, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह समेत कई प्रोफेसर, अधिकारी और छात्र मौजूद रहे। आयोजन का नेतृत्व राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम, एनसीसी लेफ्टिनेंट डॉ. आयुष कुमार और क्रीड़ा परिषद सचिव डॉ. नवरत्न सिंह ने किया।
