गाजीपुर
“भाजपा की वोट चोरी को ‘खंड-खंड’ करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता” : डॉ. जनक कुशवाहा

मोहम्मदाबाद (गाजीपुर)। नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मन्नान अंसारी के आवास पर बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। संगठन सृजन अभियान के तहत नगर अध्यक्ष इरफान खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर को कांग्रेसमय बनाने का संकल्प लिया।
मोहम्मदाबाद विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. जनक कुशवाहा ने बैठक में कहा कि यह स्पष्ट हो चुका है कि भारतीय जनता पार्टी वोट की चोरी करके चुनाव जीत रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस बार भाजपा की वोट चोरी को ‘खंड-खंड’ कर उनके मंसूबों पर पानी फेर देंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मोहम्मदाबाद प्रभारी जफरुल्लाह अंसारी ने कहा कि मोहम्मदाबाद कांग्रेस का गढ़ रहा है और यहां पार्टी को पुनः मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को तन, मन और धन से संघर्ष करना होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं नगर प्रभारी महेंद्र कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए राहुल गांधी लगातार प्रयास कर रहे हैं, और जनता अपने विकास के लिए उनकी ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इसे अवसर में बदलना होगा।
नगर अध्यक्ष इरफान खान ने बताया कि नगर कांग्रेस कमेटी की पदाधिकारियों की सूची तैयार हो गई है और जल्द ही नगर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं, जलालुद्दीन शाह ने कहा कि पानी निकासी की समस्या को लेकर भी आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में जलालुद्दीन शाह, हरिनारायण पांडे, सभासद शेख अब्दुल्ला, अरुण कुमार, नासिर खान, जुलकर नैन अंसारी, अब्दुल हन्नान अंसारी, वसीम रजा, समीर रजा, अब्दुल सलाम खान, शुभम, खालिद शाह, गुलजार खान समेत कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।