चन्दौली
महिला मेट में आईडी कार्ड वितरित

कार्यस्थल पर परेशानी होने पर तुरंत दें सूचना : बीडीओ विकास सिंह
चंदौली। चकिया ब्लॉक सभागार में महिला मेट दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें चकिया ब्लॉक की महिला मेटों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत चकिया खंड विकास अधिकारी विकास सिंह द्वारा महिला जिलाध्यक्ष किरण सिंह को आईडी कार्ड वितरित करते हुए की गई। इसके बाद कार्यक्रम में आई महिला मेटों को आईडी कार्ड का वितरण किया गया।
इस दौरान महिला मेटों ने अपने गांव में साइटों पर हो रही समस्याओं को लेकर जिलाध्यक्ष किरण सिंह को अवगत कराया। महिला जिलाध्यक्ष ने बताया कि गांवों में नियुक्त महिला मेटों को साइटों पर कार्य करने के दौरान होने वाली समस्याओं के बाबत खंड विकास अधिकारी को पहले भी अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि महिला मेटों को जो भी समस्या हो, उसे लिखित रूप में खंड विकास अधिकारी चकिया को दें, ताकि साइटों पर किसी प्रकार की समस्या न हो।
वहीं, खंड विकास अधिकारी विकास सिंह ने भी महिला मेटों से कहा कि साइटों पर कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल अवगत कराएं, ताकि कार्य में कोई परेशानी न हो।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विकास सिंह, एपीओ मनरेगा, महिला जिलाध्यक्ष किरण सिंह, उर्मिला, पूजा, अनीता, सुधा समेत विभिन्न गांवों की महिला मेटें कार्यक्रम में मौजूद रहीं।