मिर्ज़ापुर
DM प्रियंका निरंजन को अधिवक्ताओं ने दी भावभीनी विदाई
मिर्जापुर। अधिवक्ता संघ कार्यालय मिर्जापुर में आज जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के सदस्यों सहित कई प्रतिष्ठित नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने उनके प्रशासनिक कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रियंका निरंजन ने अपने कार्यकाल में पारदर्शी, संवेदनशील और कुशल प्रशासनिक नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया। जनहित में लिए गए उनके निर्णयों से जिले में सकारात्मक परिवर्तन महसूस किए गए, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होती रहेगी।
समारोह में अधिवक्ता संघ की ओर से उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। अपने वक्तव्य में प्रियंका निरंजन ने अधिवक्ताओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और मिर्जापुर से जुड़ी अपनी यादों को साझा करते हुए भावुक हो उठीं।
इस मौके पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष कमलेश दुबे, संरक्षक विधान चंद्र दुबे, सचिव कमलेश सिंह, मनीष दुबे, पवन दुबे, रामलाल, अवधेश दुबे, मोहित दुबे समेत कई अन्य सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
