Connect with us

गाजीपुर

ताइक्वांडो खिलाड़ी ऋषी राय भारतीय पुलिस टीम के साथ अमेरिका रवाना

Published

on

विश्व पुलिस गेम्स 2025 में करेंगे देश का नेतृत्व

गाजीपुर के गैबिपुर गांव की मिट्टी से निकले अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी ऋषी राय एक बार फिर देश का गौरव बढ़ाने निकल चुके हैं। भारतीय पुलिस ताइक्वांडो टीम के साथ ऋषी राय अमेरिका रवाना हो गए हैं, जहां वह 27 जून से 7 जुलाई तक अल्बामा, बर्मिंघम (USA) में आयोजित विश्व पुलिस व फायर गेम्स 2025 में हिस्सा लेंगे।

ऋषी राय गौतम स्पोर्ट्स अकादमी गैबिपुर के प्रशिक्षु रहे हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवारत हैं। उनके अब तक के खेल सफर में 3 सीनियर राष्ट्रीय स्वर्ण, 1 रजत व 1 कांस्य पदक के साथ-साथ 4 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने ईरान, उज़्बेकिस्तान व कजाकिस्तान जैसे देशों की सीनियर टीमों के साथ अभ्यास भी किया है।

Advertisement

पिछले वर्ष अखिल भारतीय पुलिस गेम्स में बीएसएफ को फाइनल में हराकर स्वर्ण पदक जीतने के बाद ऋषी का चयन विश्व पुलिस गेम्स के लिए हुआ। उनके चयन पर पिपनार गांव में खुशी की लहर है। पिता अरविंद राय व माता रेनु राय ने मिठाइयाँ बांटी और बेटे की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

गौतम स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक और कोच अमित कुमार सिंह ने ऋषी को अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि ऋषी इस बार अमेरिका से स्वर्ण पदक जीतकर लौटेंगे।

दिल्ली स्थित सीआरपीएफ कैंप में विशेष प्रशिक्षण के बाद ऋषी को नई दिल्ली में अखिल भारतीय पुलिस कंट्रोल बोर्ड द्वारा खेल किट और ज़रूरी दस्तावेज़ देकर सम्मानित किया गया। इसके पहले उन्हें लखनऊ पुलिस मुख्यालय में तत्कालीन डीजीपी प्रशांत कुमार और महान क्रिकेटर कपिल देव ने भी सम्मानित किया था।

अमेरिका रवाना होने से पूर्व ऋषी ने वीडियो कॉल पर अपने कोच अमित कुमार सिंह से आशीर्वाद लिया और देश के लिए पदक जीतने का संकल्प दोहराया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa