Connect with us

वाराणसी

बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने इस दिन काशी आएंगे पूर्व मुख्यमंत्री

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। सावन मास के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ के दरबार में आस्था की गूंज के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बाबा का जलाभिषेक करेंगे। वे 14 जुलाई को काशी आएंगे और चंद्रवंशी गोप समिति की ओर से आयोजित श्री काशी विश्वनाथ जलाभिषेक कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इस कार्यक्रम में देशभर से करीब 50 हजार यादव बंधुओं के शामिल होने की संभावना है।

चंद्रवंशी गोप समिति के प्रदेश अध्यक्ष लालजी चंद्रवंशी ने बताया कि हाल ही में लखनऊ में समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने अखिलेश यादव से भेंट की और उन्हें जलाभिषेक कार्यक्रम में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे सहर्ष स्वीकार किया और बाबा विश्वनाथ के दरबार में जल चढ़ाने की स्वीकृति दी है।

लालजी चंद्रवंशी ने बताया कि अखिलेश यादव के साथ हजारों की संख्या में यादव समाज के लोग भी इस धार्मिक आयोजन में भाग लेंगे। यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सौहार्द का भी प्रतीक बनेगा।

परंपरागत रूप से यह यात्रा गौरी केदारेश्वर मंदिर से आरंभ होती है, जहां सबसे पहले जल अर्पण किया जाता है। इसके उपरांत श्रद्धालु तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना कर दशाश्वमेध घाट पहुंचते हैं और गंगाजल भरते हैं। इसके बाद श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ मंदिर में विधिवत पूजन व जलाभिषेक करते हैं। यात्रा का समापन मृत्युंजय महादेव, त्रिलोचन महादेव और अंत में काल भैरव को जल अर्पित करने के साथ होता है।

Advertisement

प्रतिनिधिमंडल में मनोज यादव, आयुष्मान चंद्रवंशी, दुर्गा यादव, प्रभाकर यादव, रवि यादव कल्लू, श्यामू यादव और चंदन यादव शामिल रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page