Uncategorized
प्रकाश अस्पताल में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
मऊ। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर आज प्रकाश हॉस्पिटल ट्रामा सेंटर में जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को तंबाकू के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य प्रभावों के प्रति सचेत करना और उन्हें तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में अस्पताल स्टाफ, मरीजों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल के निदेशक डॉ. मनीष राय के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने अपने संबोधन में तंबाकू से जुड़ी जानलेवा बीमारियों जैसे कैंसर, हृदय रोग, सांस संबंधी समस्याएं और स्ट्रोक के खतरे पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने तंबाकू के व्यक्तिगत स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव के साथ-साथ स्वास्थ्य तंत्र पर उसके बोझ को भी रेखांकित किया।इस अवसर पर डॉ. राय ने सभी उपस्थित लोगों से तंबाकू न सेवन करने की शपथ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह दिन हम सभी के लिए एक नई शुरुआत हो सकता है और हमें अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ अपनों की भलाई के लिए तंबाकू मुक्त जीवन अपनाना चाहिए।
इसके बाद अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गौरव सिंह ने तंबाकू छोड़ने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे पेशेवर मदद, जीवनशैली में बदलाव और मजबूत इच्छाशक्ति से तंबाकू की आदत छोड़ी जा सकती है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि किस तरह लोग अपने समाज में जागरूकता फैलाकर दूसरों को भी स्वस्थ विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
