Connect with us

वाराणसी

सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस से झड़प

Published

on

वाराणसी। सोमवार को वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने हाईवे पर जमकर बवाल काटा। घटना गैस प्लांट के पास की है, जहां ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। आकाश सिंह उर्फ मोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथी किशन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने हाईवे को जाम कर दिया और कई वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। ट्रक, गैस टैंकर समेत कई वाहनों के शीशे तोड़े गए और भीतर भी तोड़फोड़ की गई।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची बड़ागांव पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही। स्थिति बिगड़ती देख फूलपुर, राजातालाब और बड़ागांव थानों की फोर्स बुलाई गई। इसके बाद एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव, एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार और डीसीपी गोमती भी घटनास्थल पर पहुंचे।

Advertisement

पुलिस और पब्लिक के बीच कहासुनी के दौरान पथराव और बढ़ गया। भीड़ ने प्लांट के अंदर खड़े ट्रकों व अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। बवाल के चलते हाईवे पर सैकड़ों वाहनों की कतार लग गयी। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने हाईवे को खाली कराया और हालात पर काबू पाया।

बताया गया कि मृतक आकाश सिंह जौनपुर के सिकरारा का निवासी था और रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए चिउरापुर, वाराणसी आया था। सोमवार को कार्यक्रम से लौटते समय यह हादसा हो गया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page