गाजीपुर
बाइक-टेम्पो की भिड़ंत में दो घायल

गाजीपुर। जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के शादियाबाद-नंदगंज मार्ग पर स्थित हाइवे ओवरब्रिज के पास शुक्रवार सुबह एक बाइक सवार ने सब्जी लदे टेम्पो में पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार सहित टेम्पो चालक दोनों घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल गाजीपुर में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जाठपुर गांव निवासी रामकेवल बिन्द (30 वर्ष) शुक्रवार की सुबह अपने ससुराल खौंदा (थाना नन्दगंज) से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे ब्रिज के निकट उन्होंने सामने चल रहे सब्जी लदे टेम्पो में पीछे से तेज टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामकेवल बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, टेम्पो चालक को भी पैर और नाक में चोट आई है।
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से दोनों घायलों को पहले देवकली अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रामकेवल की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में नंदगंज थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की कोई लिखित तहरीर अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।