गाजीपुर
पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी के सम्मान में भावभीनी विदाई समारोह संपन्न

मरदह (गाजीपुर)। पीएम श्री विद्यालय मरदह के प्रांगण में शनिवार को एक गरिमामय समारोह में पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी एवं राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त राजीव कुमार यादव का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राथमिक शिक्षक संघ मरदह के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राधेश्याम यादव ने की, जबकि संचालन शिक्षक राजीव कुमार सिंह ने किया।
समारोह में वर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी दीनानाथ साहनी द्वारा राजीव कुमार यादव को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षक संघ गाजीपुर के जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश सिंह यादव ने भी उन्हें अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

समारोह में पूर्व माध्यमिक विद्यालय दूरखुशी के प्रधानाध्यापक अच्छेलाल द्वारा प्रस्तुत विदाई गीत ने सभी की आंखें नम कर दीं। राजीव कुमार यादव के प्रति शिक्षकों एवं अभिभावकों का स्नेह भाव स्पष्ट रूप से झलकता रहा।
अपने संबोधन में राजीव कुमार यादव ने भावुक होते हुए कहा, “मरदह क्षेत्र से जो स्नेह और सहयोग मुझे मिला, वह मेरे पूरे कार्यकाल में अभूतपूर्व रहा। मैं सभी शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और अभिभावकों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
खंड शिक्षा अधिकारी दीनानाथ साहनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि, “राजीव यादव की कार्यशैली और दूरदर्शिता अनुकरणीय है। हम सभी को उनके अधूरे कार्यों को पूर्ण करने का संकल्प लेना होगा। आप सभी के सहयोग से यह ब्लॉक न केवल जिले में बल्कि प्रदेश स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएगा।”
कार्यक्रम अंत में सभी ने राजीव यादव को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संघ के अध्यक्ष महेंद्र यादव, महामंत्री सुरेंद्र राम, शिव शंकर मौर्य, वीरेंद्र यादव, ममता सिंह, दुर्गेश गुप्ता, सत्यवती देवी, माया सिंह, रविंद्र मौर्य, प्रमोद कुमार, अजय सिंह, शशिकांत सिंह सहित मरदह ब्लॉक के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं प्रधानाध्यापकगण उपस्थित रहे।