Connect with us

मिर्ज़ापुर

अग्निकांड से पीड़ित परिवारों से मिलीं अनुप्रिया पटेल, मदद का आश्वासन

Published

on

मिर्जापुर। जिले के विकासखंड छानबे के ग्राम डगहर में हाल ही में भीषण आग लगने की घटना के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं रसायन उर्वरक राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने शनिवार को पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि, 26 अप्रैल को ग्राम डगहर में आगजनी की घटना में जटाशंकर शर्मा सहित 16 परिवारों के चार मकान और कई मड़हे जलकर खाक हो गए थे। गृहस्थी का सारा सामान, फसलें और मवेशी भी इस हादसे में नष्ट हो गए।

निरीक्षण के दौरान छानबे विधायक रिंकी कोल और अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष इंजीनियर राम लौटन बिंद भी मंत्री के साथ मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों से जानकारी ली कि प्रशासन द्वारा अब तक क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस पर उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र ने अवगत कराया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Advertisement

मंत्री अनुप्रिया पटेल ने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवारों के लिए समुचित भोजन और छोटे बच्चों के लिए दूध की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, क्षतिग्रस्त फसलों, मृत मवेशियों और नष्ट हुए सामान का तत्काल सर्वेक्षण कराकर नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाए।

पीड़ितों में जटाशंकर शर्मा, शिवशंकर शर्मा, आशीष बिंद, रामसागर बिंद, बम्मू बिंद, शंभू बिंद, रामचरन बिंद, मन्नू बिंद, रामराज, राजेश बिंद, मुन्ना निषाद, जोखन निषाद, फूला देवी, धर्मू तिवारी, शर्मा तिवारी समेत अन्य लोग शामिल हैं, जिनकी संपत्ति इस अग्निकांड में स्वाहा हो गई।

निरीक्षण के दौरान अपना दल (एस) के वरिष्ठ पदाधिकारी रमाकांत पटेल, अनिल सिंह पगड़ी, शीला सिंह, राजेंद्र पाठक, संजय उपाध्याय, गुंडा बिंद, निशा बिंद, अवधेश पाल और राहुल ओझा समेत कई कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
इस संबंध में जानकारी जिला मीडिया प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने दी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa